सिलीगुड़ी, 5 नवंबर (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास साहा और विवेक साहा के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई प्रधाननगर थाना अंतर्गत प्रमोदनगर कॉलोनी इलाके में की गई। यहां एक किराए के मकान का इस्तेमाल पटाखों के गोदाम के रूप में किया जा रहा था। पुलिस ने मकान में तलाशी अभियान चलाकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए। इस दौरान विकास साहा को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई माटीगाड़ा बाजार इलाके में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस ने एक पान की दुकान पर छापेमारी की। दुकान की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे बरामद हुई। दुकान की आड़ में अवैध रूप से पटाखों का कारोबार करने के आरोप में दुकानदार विवेक साहा को गिरफ्तार किया गया।
दो अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखों की बरामदगी के बाद पुलिस ने त्योहारों से पहले अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ निगरानी और तेज कर दी है।
पुलिस ने गिरफ्तार विकास साहा और विवेक साहा को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




