सिलीगुड़ी, 5 नवंबर (नि.सं.)। काली पूजा के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने शहर के विभिन्न काली पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन इंतजाम, बिजली कनेक्शन तथा श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्गों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने कई पूजा कमेटियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिन पंडालों में अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है, वहां निकास द्वार को चौड़ा करने और अतिरिक्त आपातकालीन निकास द्वार बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही पंडालों के संपर्क में बिजली के तार नहीं रहने देने को लेकर भी आयोजकों को सतर्क किया गया।
पुलिस कमिश्नर ने संबंधित थानों के आईसी को पूजा के दौरान नियमित निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।




