सिलीगुड़ी, 5 नवंबर (नि.सं.)। कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा करना नहीं, बल्कि किसी भी तरह सत्ता हासिल करना है। गुरुवार को सिलीगुड़ी में भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। इस दौरान दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट और भाजपा के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला अध्यक्ष अरुण मंडल भी मौजूद थे।
सोनोवाल ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भ्रम फैलाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके उद्देश्य को समझ चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के साथ आवास, शौचालय, रसोई गैस, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।
उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और राजनीतिक टकराव की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए असम में आईएमडीटी कानून के जरिए घुसपैठियों को संरक्षण देने का मुद्दा भी उठाया। साथ ही पश्चिम बंगाल की तृणमूल सरकार पर घुसपैठ रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया।
सोनोवाल ने कहा कि चुनाव में हार के बाद ईवीएम, चुनाव आयोग और अदालतों पर सवाल उठाना विपक्ष की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। उन्होंने राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं पर सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया। अंत में उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की है।




