सिलीगुड़ी, 5 नवंबर (नि.सं.)। दीपावली से पहले माटीगाड़ा थाना पुलिस ने 36 लोगों को ऐसा तोहफा दिया, जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने चोरी और गुम हुए 36 मोबाइल फोन बरामद कर बुधवार को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। त्योहार से पहले अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
माटीगाड़ा थाने में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के एसीपी अनिर्बान मजूमदार और माटीगाड़ा थाना के आईसी मनोजीत सरकार की मौजूदगी में सभी मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे गए।बरामद मोबाइल फोन में पुलिस के पूर्व डीएसपी इंद्रजीत राय का चोरी हुआ मोबाइल भी शामिल है।
इस मौके पर माटीगाड़ा थाना के आईसी मनोजीत सरकार ने कहा कि पुलिस हमेशा आम लोगों की सेवा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहती है। इससे पहले भी एक अधिकारी के घर हुई चोरी की घटना में पुलिस ने चोरी के सभी सामान बरामद किए थे। विभाग के एक पूर्व अधिकारी का चोरी हुआ मोबाइल वापस लौटाना भी पुलिस के लिए गर्व की बात है। दीपावली से पहले माटीगाड़ा पुलिस की इस पहल से 36 परिवारों को खुशियों का खास तोहफा मिला है।




