बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत की कुल 30 सीटों में तृणमूल कांग्रेस को 18, भाजपा को 10 और माकपा को 2 सीटें मिली थी। बहुमत तृणमूल के पास होने के बावजूद प्रधान पद के चुनाव में रोहिणी बर्मन के निर्वाचित होने के बाद पंचायत का नियंत्रण भाजपा के हाथ में चला गया।
प्रधान के चुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया। बैंड पार्टी और गुलाल के साथ उन्होंने जश्न मनाया।
नवनिर्वाचित प्रधान रोहिणी बर्मन ने कहा कि बिन्नागुड़ी के लोगों के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता है। पेयजल की समस्या दूर करने के साथ ही विभिन्न इलाकों में शौचालय की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली बोर्ड के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की भी जांच की जाएगी।
भाजपा के राजगंज ब्लॉक कन्वेनर निताई मंडल ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद बिन्नागुड़ी में भाजपा का बोर्ड बना है। 10 पंचायत सदस्यों को लेकर बोर्ड का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्यों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। हालांकि, विकास कार्यों में विपक्ष को साथ लेकर बिन्नागुड़ी के लोगों के लिए काम करने का प्रयास किया जाएगा।





