सिलीगुड़ी, 1 सितंबर (नि.सं.)। भाजपा नेता नांटू पाल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। मंगलवार को सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 12 में सफाई अभियान में शामिल होने पहुंचे नांटू पाल की कथित तौर पर अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता से बहस के बाद हाथापाई हो गई। घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, नांटू पाल अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड नंबर 12 में आयोजित सफाई अभियान में पहुंचे थे। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के एक वर्ग का आरोप है कि इससे पहले वार्ड में नांटू पाल की सक्रिय मौजूदगी नहीं थी। अचानक कार्यक्रम में पहुंचने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की।
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और नांटू पाल कथित तौर पर अपना आपा खो बैठे। बहस के बाद एक पार्टी कार्यकर्ता के साथ उनकी हाथापाई हो गई। घटना के बाद भाजपा के अंदर भी असहज स्थिति पैदा होने की चर्चा है।





