सिलीगुड़ी, 1 सितंबर (नि.सं.)। प्रधान नगर थाने की पुलिस ने ठगी के दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में बैंक और अन्य संस्थानों में नौकरी दिलाने के नाम पर दो लोगों से करीब 28 लाख रुपये ठगने का आरोप है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुरूंग बस्ती निवासी समीर राउत (21) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने नौकरी का झांसा देकर दो लोगों से 14-14 लाख रुपये लिए थे।
वहीं, दूसरे मामले में लोन दिलाने के नाम पर करीब 40 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बाघाजोतिन कॉलोनी निवासी बिक्की घोष को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने महिला के नाम पर करीब 80 हजार रुपये का मोबाइल लोन लिया और उसे केवल 40 हजार रुपये दिए।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है। पुलिस मामले की जांच के साथ यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह ठगी की है या नहीं।





