सिलीगुड़ी, 1 सितंबर (नि.सं.)। ट्रेन के जरिए भारी मात्रा में गांजा तस्करी की कोशिश को सिलीगुड़ी जीआरपी एसओजी और एनजेपी जीआरपी की टीम ने नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में 10 किलो 240 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में बिहार के वैशाली जिले के निवासी टुनटुन साहनी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात सूचना मिलने के बाद एनजेपी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 पर निगरानी बढ़ाई गई थी। डाउन रानी कमलापति एक्सप्रेस के पहुंचने के बाद एसी कोच में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले टुनटुन साहनी के दो बैग की तलाशी लेने पर 9 पैकेटों में गांजा बरामद हुआ।
प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी त्रिपुरा से गांजा लेकर बिहार जाने की तैयारी में था। पुलिस ने उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर मंगलवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया। जीआरपी अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।




