सिलीगुड़ी,1 सितंबर (नि.सं.)। कंचनजंघा मेला परिसर में पार्किंग शुरू होने के बाद से ही शहर में ट्रैफिक जाम और अवैध पार्किंग रोकने के लिए सिलीगुड़ी पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को भी शहर के महत्वपूर्ण विधान रोड और विधान मार्केट से सटे विभिन्न इलाकों में सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क की गई बाइकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इस दौरान पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड की पहल पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर सड़क किनारे खड़ी कई बाइकों को क्रेन की मदद से उठाकर ले जाया गया। साथ ही नियम तोड़ने वाले बाइक चालकों और मालिकों पर जुर्माना भी लगाया गया। वहीं, आम लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने के प्रति जागरूक करने के लिए विधान मार्केट के विभिन्न इलाकों में माइकिंग भी की गई।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से बताया गया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जो लोग अभी भी ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं और सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन पार्क कर रहे हैं, उनके खिलाफ आने वाले दिनों में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




