सिलीगुड़ी, 1 सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी को शर्मसार करने वाली घटना भक्तिनगर थाना क्षेत्र से सामने आई है। पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में सौतेला पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी सौतेला पिता का नाम कमल विश्वास है।
सूत्रों के अनुसार पीड़िता की मां ने पहले पति से तलाक के बाद दूसरी शादी की थी। वह अपनी पहली शादी से हुई बेटी को लेकर भक्तिनगर थाना इलाके में अपने नए पति के साथ रहने लगी। आरोप है कि जब काम के सिलसिले में मां घर से बाहर जाती थी तब सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करता था। पीड़िता की मां का आरोप है कि विगत तीन से चार महीने से सौतेला पिता घटना को अंजाम देते आ रहा था।
वही आरोपी सौतेला पिता पीड़िता को इस घटना का जिक्र न करने की धमकी दिया करता था। जिसके कारण पीड़िता अपने सौतेले पिता की हैवानियत को बर्दाश्त कर रही थी। आखिरकार सोमवार को पीड़िता ने हिम्मत कर अपनी मां को आपबीती सुनाई। जिसके बाद मां ने तुरंत भक्ति नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोमवार रत आरोपी सौतेला पिता कमल विश्वास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आज आरोपी पिता को पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




