सिलीगुड़ी, 1 सितंबर (नि.सं.)। दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं और साग-सब्जियों की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को सर्किट हाउस में विशेष टास्क फोर्स की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता डीसीपी ईस्ट जोन राणा मुखर्जी ने की।
बैठक में सिलीगुड़ी कच्चा माल मंडी, रेगुलेटेड मार्केट और खुदरा बाजार व्यवसायी समिति के प्रतिनिधि शामिल हुए। डीसीपी राणा मुखर्जी ने निर्देश दिया कि 3 सितंबर से दुकानों में जरूरी सामान और सब्जियों के खरीद व बिक्री मूल्य को प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा।
उन्होंने कहा कि कालाबाजारी और मनमाने तरीके से कीमत बढ़ाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टास्क फोर्स की टीम बाजारों में लगातार कीमतों की निगरानी करेगी और अलग-अलग बाजारों में अचानक निरीक्षण भी किया जाएगा।
डीसीपी राणा मुखर्जी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। बैठक में एसीपी रॉबिन थापा, एसीपी फारूख मुहम्मद चौधरी समेत व्यवसायी मौजूद रहे।
वहीं, सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन खुदरा व्यवसायियों ने बताया कि बैठक में उन्हें सामान के दाम प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है। इस मुद्दे पर समिति के व्यवसायियों के साथ चर्चा की जाएगी।





