सिलीगुड़ी, 1 सितंबर (नि.सं.)। शहर के होटल और रेस्टोरेंट में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर फूड सेफ्टी विभाग ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया है। फूड सेफ्टी विभाग, सिलीगुड़ी नगर निगम और इंफोर्समेंट ब्रांच की संयुक्त टीम ने सिलीगुड़ी जंक्शन से लेकर शालुगाड़ा तक कई नामी होटल और रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने रेस्टोरेंट के किचन, स्टोर रूम, फ्रीजर, खाद्य सामग्री के भंडारण, साफ-सफाई और कर्मचारियों द्वारा अपनाए जा रहे स्वच्छता मानकों की जांच की। इसके अलावा ग्राहकों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया गया।
टीम ने खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले मसाले, तेल, डेयरी उत्पाद, सब्जियों और अन्य कच्चे माल की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट, पैकेजिंग, भंडारण का तापमान और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन की भी पड़ताल की गई।
जांच के दौरान कुछ खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रह किए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट में यदि किसी प्रकार की अनियमितता या खाद्य गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इंफोर्समेंट विभाग के एसीपी फारूख मोहम्मद चौधरी ने बताया कि जंक्शन इलाके के होटल और रेस्टोरेंट में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान किचन की साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता की जांच की गई। ग्राहकों के स्वास्थ्य के लिए भोजन कितना सुरक्षित है, इसकी जांच के लिए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें लैब में भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि होटल और रेस्टोरेंट के फायर लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई। फिलहाल जांच के दौरान दस्तावेजों में कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली है। होटल और रेस्टोरेंट प्रबंधन को नियमों का पालन करने तथा ग्राहकों को साफ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
फूड सेफ्टी विभाग ने स्पष्ट किया कि शहर में इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।