सिलीगुड़ी, 29 अगस्त (नि.सं.)। रक्षाबंधन की रात माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय की छात्राओं से कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में धुत तीन युवकों ने लेलिन कॉलोनी में घर लौट रही छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद उनके साथ छेड़खानी शुरू कर दी।
छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए तीनों युवकों का विरोध किया और उनकी पिटाई कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक बर्मन, शिवा बर्मन और सौभिक राय के रूप में हुई है। तीनों शिवमंदिर इलाके के निवासी बताए गए हैं। छात्राओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
