सिलीगुड़ी, 29 अगस्त (नि.सं.)। कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर नेपाल गए सिलीगुड़ी के शांतिनगर बौबाजार निवासी समर मंडल के लापता होने के बाद परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा और अचानक आई बाढ़ के बीच समर का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समर के परिवार से बातचीत कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
बताया गया है कि नेपाल में आई भीषण आपदा के बाद पश्चिम बंगाल के करीब 30 पर्यटकों के लापता होने की सूचना सामने आई है। राज्य सरकार की ओर से लापता पर्यटकों के परिजनों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने समर मंडल के परिवार से भी वर्चुअली बातचीत की।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि लापता लोगों की तलाश और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार के परिवार के साथ खड़े रहने का भी आश्वासन दिया।
वहीं, शुक्रवार रात सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा समर मंडल के घर पहुंचे। उनके साथ एसीपी रॉबिन थापा, भक्तिनगर थाने के आईसी महेश्वर माझी और आशीघर चौकी के ओसी हिरुकांति सरकार भी मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों ने समर के परिजनों से मुलाकात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस कमिश्नर ने परिवार के सदस्यों से बातचीत करते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि समर की तलाश को लेकर आवश्यक स्तर पर संपर्क और प्रयास जारी हैं।
फिलहाल परिजनों की निगाहें नेपाल में चल रहे राहत और बचाव अभियान पर टिकी हैं और वे समर की एक खबर पाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
