सिलीगुड़ी में नगर निगम का अभियान: माखन भोग फैक्ट्री में मिली अनियमितताएं, यूनिट सील

सिलीगुड़ी, 29 अगस्त(नि.सं.)। शहर के विभिन्न इलाकों में स्वास्थ्य नियमों और निर्माण संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए शनिवार को सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से अभियान चलाया गया। सिलीगुड़ी नगर निगम आयुक्त के नेतृत्व में सेवक रोड से अभियान की शुरुआत हुई।

अभियान के दौरान घरों और दुकानों के सामने गंदगी व कचरा फेंकने के आरोप में कई लोगों पर जुर्माना लगाया गया। इसके बाद सेवक रोड स्थित ‘माखन भोग’ मिठाई दुकान की फैक्ट्री में छापेमारी की गई। जांच के दौरान वहां कई अनियमितताएं सामने आई। आरोप है कि मिठाई बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे घी में मरे हुए कीड़े पाए गए। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों ने तत्काल फैक्ट्री को सील कर दिया।

इसके साथ ही फैक्ट्री प्रबंधन को सभी आवश्यक दस्तावेज नगर निगम में जमा करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने भारी जुर्माना लगाए जाने की भी जानकारी दी।

इसके बाद नगर निगम की टीम ने पंजाबीपाड़ा में एक बहुमंजिला इमारत के निर्माण स्थल पर भी अभियान चलाया। वहां संबंधित प्रबंधन निर्माण से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके अलावा, इमारत के बेसमेंट में बड़ी मात्रा में पानी जमा मिला, जिससे डेंगू का खतरा बढ़ने की आशंका जताई गई है। इसके चलते निर्माण कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

नगर निगम सूत्रों के अनुसार, शहरभर में स्वास्थ्य और निर्माण संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ इस तरह के अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes