जलपाईगुड़ी, 29 अगस्त (नि.सं.)। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए जलपाईगुड़ी की बेटी मधुरा कर ने स्वर्ण पदक जीतकर देश और जिले का नाम रोशन किया है।
जलपाईगुड़ी शहर के 3 नंबर घुमटी इलाके की रहने वाली 12वीं कक्षा की छात्रा मधुरा की इस उपलब्धि से परिवार, प्रशिक्षक और पड़ोसियों में खुशी की लहर है।
इसी वर्ष चीन में आयोजित एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत की ओर से हिस्सा लेते हुए मधुरा ने ओवरऑल रजत पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया था। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उसने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
मधुरा इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर कई सफलताएं हासिल कर चुकी है। वर्ष 2024 में राजस्थान में आयोजित नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में वह चैंपियन बनी थी। वहीं, 2025 में महाराष्ट्र में आयोजित प्रतियोगिता में भी खिताब जीतकर उसने अपनी निरंतरता बरकरार रखी। इसके अलावा, इसी वर्ष फरीदाबाद में आयोजित बेंच प्रेस नेशनल चैंपियनशिप में भी चैंपियन बनकर उसने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
कम उम्र में लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर मधुरा ने खेल जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। उसकी इस निरंतर सफलता से परिवार, प्रशिक्षक और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में वह अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में और भी बड़ी ऊंचाइयां हासिल करेगी।
