जलपाईगुड़ी, 28 अगस्त (नि.सं.)। कौड़ी खेलने के दौरान दोस्त की निर्मम हत्या के मामले में जलपाईगुड़ी जिला अदालत ने आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2015 को डुआर्स के चामुर्ची वन बस्ती इलाके में हुई थी। आरोप है कि कौड़ी खेलने में व्यस्त अपने दोस्त प्रेमचंद लोहार पर रुनस दर्जी नामक युवक ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद बानारहाट थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
करीब 11 वर्षों तक अदालत में मामले की सुनवाई चली। इस दौरान कुल 16 लोगों की गवाही और विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने रुनस दर्जी को दोषी करार दिया। शुक्रवार को जलपाईगुड़ी जिला अदालत ने दोषी को उम्रकैद की सश्रम कारावास की सजा सुनाने के साथ 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
