सिलीगुड़ी, 28 अगस्त (नि.सं.)। भक्तिनगर थाने की पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले रिसीवर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों का कुछ हिस्सा बरामद किया है। बाकी सामान की बरामदगी के लिए पुलिस ने दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, भक्तिनगर थाना क्षेत्र के भूपेंद्र नगर, वार्ड नंबर 42 निवासी फुलेश्वर यादव के घर में चोरी हुई थी। शिकायत के मुताबिक, घर की अलमारी से एक जोड़ी सोने की बालियां और चांदी के आभूषण गायब थे। शिकायत के आधार पर भक्तिनगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों से सुराग जुटाए। इसी क्रम में पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान की। बाइक के सुराग के आधार पर पुलिस ने बीती रात हैदरपाड़ा इलाके से नवनीत कुमार गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नवनीत ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी किए गए सामान का कुछ हिस्सा उसने तनमय पाल को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने शांतिनगर इलाके में अभियान चलाकर तनमय पाल को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने चोरी के चांदी के आभूषण बरामद किए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया, जहां पुलिस ने आगे की पूछताछ और बाकी सामान बरामद करने के लिए रिमांड की मांग की है।
