सीमा पर मानव तस्करी की कोशिश नाकाम, एसएसबी और शक्ति वाहिनी की कार्रवाई में दो तस्कर गिरफ्तार

खोरीबाड़ी, 28 अगस्त (नि.सं.)। खोरीबाड़ी के भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी इलाके में सीमा पार करने से पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, पानीटंकी के भारत-नेपाल सीमा के जरिए मानव तस्करी की योजना की सूचना एसीबी को पहले से थी। छह महिलाओं के साथ दो पुरुष सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे। दस्तावेजों की जांच के दौरान सीमा पर गश्त कर रहे एसएसबी जवानों को उन पर संदेह हुआ। इसके बाद महिलाओं से पूछताछ की गई, जिसमें कई तरह की विसंगतियां सामने आई। मामले में दोनों पुरुषों को हिरासत में लिया गया। 

एसएसबी सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने चार नाबालिग लड़कियों समेत छह महिलाओं को त्रिपुरा से नेपाल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर तस्करी करने की योजना बनाई थी।

शक्ति वाहिनी की शिकायत के आधार पर एसीबी ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर खोरीबाड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। मानव तस्करी के आरोप में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निर्मल देबबर्मा और चिन्मय बसाक के रूप में हुई है। निर्मल त्रिपुरा और चिन्मय जलपाईगुड़ी का निवासी बताया गया है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes