सिलीगुड़ी में नाबालिग से संबंध और शादी से इनकार का आरोप, प्रेमी गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 28 अगस्त(नि.सं.)। अपने करीब दो वर्षीय बच्चे को पिता का नाम और खुद को न्याय दिलाने के लिए एक युवती ने कानून का दरवाजा खटखटाया है। पीड़िता की शिकायत पर प्रधाननगर थाने की पुलिस ने आरोपी प्रेमी शुभम गुप्ता को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।

पीड़िता का आरोप है कि नाबालिग होने के दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। गर्भवती होने के बाद आरोपी ने उससे दूरी बना ली और शादी से इनकार कर दिया। जनवरी 2024 में उसने एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे को पिता का नाम देने की मांग करने पर भी आरोपी ने उसे स्वीकार नहीं किया।

आरोप है कि आरोपी ने बाद में युवती को बच्चे के साथ दिल्ली भेज दिया, लेकिन वहां पहुंचने का वादा पूरा नहीं किया। करीब दो वर्षों तक संघर्ष करने के बाद युवती 15 अगस्त को बच्चे के साथ सिलीगुड़ी लौटी और फिर आरोपी से संपर्क किया। कथित तौर पर इनकार के बाद उसने प्रधाननगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बच्चे और आरोपी का डीएनए परीक्षण कराने की प्रक्रिया की जाएगी। वहीं, मां और बच्चे की सुरक्षा व देखभाल के लिए उन्हें एनजीओ भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes