सिलीगुड़ी, 28 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के 24 नंबर वार्ड में बिजली के पोल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कुछ ही देर बाद हाई-वोल्टेज बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके साथ ही बिजली विभाग के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त तार को बदलने का काम शुरू किया है।
घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल बड़े नुकसान की भी सूचना नहीं मिली है। मौके पर मौजूद वार्ड नंबर 24 के को-ऑर्डिनेटर प्रसनजीत पाल ने बताया कि अभी तक किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
