सिलीगुड़ी, 6 अक्टूबर (नि.सं.)। डाबग्राम-2 नंबर अंचल में एक बार फिर भाजपा का अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आया है। कुछ दिन पहले पार्टी के एक वर्ग पर साजिश का आरोप लगाकर प्रधान पद से इस्तीफा देने वाली पूर्व प्रधान मिताली मालाकार के बाद अब भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने गुटबाजी और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आवाज उठाई है।
पूर्व प्रधान मिताली मालाकार ने आरोप लगाया था कि भाजपा के कुछ पंचायत सदस्य और तृणमूल कांग्रेस के कुछ पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर उन्हें पद से हटाने की साजिश रच रहे थे। इसे अपमानजनक बताते हुए उन्होंने प्रधान पद से इस्तीफा देने का फैसला किया था।
अब भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के एक वर्ग का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें पार्टी के विभिन्न स्तरों पर की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जिन लोगों के खिलाफ कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है, उन्हें ही साजिश के तहत पार्टी से हटाने की कोशिश की जा रही है।
कार्यकर्ताओं का दावा है कि 55 नंबर पार्टी क्षेत्र की पंचायत सदस्य मीना विश्वास के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं। सबूतों के साथ पार्टी के विभिन्न स्तरों पर शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पूरे मामले में मंडल नेतृत्व के एक वर्ग की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
हालांकि, भाजपा मंडल नेतृत्व ने इन सभी आरोपों को खारिज किया है। नेतृत्व का कहना है कि मीना विश्वास के खिलाफ इस तरह की कोई शिकायत उन्हें अब तक प्राप्त नहीं हुई है और न ही भ्रष्टाचार से संबंधित कोई सबूत उन्हें सौंपा गया है।
वहीं, पूर्व प्रधान मिताली मालाकार को लेकर मंडल नेतृत्व का कहना है कि पंचायत की ओर से उनके खिलाफ कुछ शिकायतें थी और उन्हीं शिकायतों के आधार पर पार्टी की ओर से कार्रवाई की गई थी।





