सिलीगुड़ी, 5 सितंबर (नि.सं.)। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित दधि-कादा खेल के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में डूबने से 10 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई है। घटना राजगंज ब्लॉक के साहुडांगी से सटे पाघालुपाड़ा के कचुमोड़ इलाके की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जन्माष्टमी के अवसर पर कचुमोड़ में बड़े स्तर पर दधि-कादा खेल का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए राजगंज के बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत अंतर्गत कृष्णनगर कॉलोनी इलाके का 10 वर्षीय कौशिक बोस भी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि खेल के दौरान वह अचानक जलाशय में गिर गया।
काफी देर बाद बच्चे को जलाशय से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। जन्माष्टमी के उत्सव के बीच हुए इस हादसे से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।





