सिलीगुड़ी, 25 अक्टूबर (नि.सं.)। बागडोगरा स्थित बैंगडुबी में सेना की 16 एफएडी इकाई के परिसर में रविवार तड़के एक हाथी का बच्चा सेप्टिक टैंक में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही सेना, सेना के दमकल विभाग और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टैंक की संरचना तोड़कर हाथी के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के किसी तरह हाथी का बच्चा सेना शिविर के अंदर स्थित सेप्टिक टैंक में गिर गया। सेना के जवानों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद सेना के जवानों, दमकलकर्मियों और वन कर्मियों ने मिलकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। आखिरकार काफी मशक्कत के बाद अभियान सफल रहा। रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने हाथी के बच्चे को उसके झुंड से दोबारा मिलाने की पहल शुरू की है।





