सिलीगुड़ी, 5 नवंबर (नि.सं.)। वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिश को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने आरपीएफ के साथ मिलकर नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर रात एनजेपी रेलवे स्टेशन पर चलाए गए अभियान में ट्रेन के स्लीपर कोच से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 1 किलो 31 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। इस मामले में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान एमडी रहमतुल्ला शेख (35) के रूप में हुई है। वह मालदा का निवासी है।
एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, आरोपी अप गुवाहाटी-कामाख्या वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्री के वेश में मालदा से कूचबिहार जा रहा था। उसका उद्देश्य कूचबिहार में ब्राउन शुगर की खेप पहुंचाना था। इसकी सूचना मिलने के बाद एसटीएफ ने एनजेपी जीआरपी और आरपीएफ के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया। ट्रेन के एनजेपी स्टेशन पहुंचते ही तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान संदेह के आधार पर रहमतुल्ला शेख को रोककर उसके बैग की तलाशी ली गई। बैग से साबुन के 10 डिब्बे बरामद हुए, जिनके अंदर छिपाकर 1 किलो 31 ग्राम ब्राउन शुगर रखी गई थी।
बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके बाद एसटीएफ ने आरोपी को एनजेपी जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गुरुवार को आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया है।





