सिलीगुड़ी, 6 नवंबर (नि.सं.)। बिहार से असम भैंसों की तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भैंसों से लदी बिहार नंबर की दो पिकअप वैन को जब्त कर कुल 11 भैंसों को बरामद किया है।
सूत्रों के अनुसार, बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने तुंबाजोत इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान बिहार नंबर की दो संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर उनके चालकों से भैंसों के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों के चालक और सहचालक समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असम निवासी जमाल मंडल (35) तथा बिहार निवासी प्रवीण कुमार (19), शिव शंकर राय (32) और सोनू कुमार (19) के रूप में हुई है। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, भैंसों को बिहार से असम तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। वहीं, बरामद सभी 11 भैंसों को सुरक्षित खटाल में भेज दिया गया है।





