पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत 15 सितंबर को शिवमंदिर के नेताजीपल्ली इलाके में एक घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी हुए थे। इसके दो दिन बाद, 17 सितंबर को शिवमंदिर के सारदापल्ली इलाके में भी इसी तरह चोरी की वारदात हुई थी। दोनों घटनाओं में घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण गायब हुए थे।
मामले की जांच में जुटी माटीगाड़ा थाने की पुलिस को विभिन्न सूत्रों से पता चला कि जलपाईगुड़ी के बानरहाट में चोरी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी इन दोनों घटनाओं में भी शामिल है। इसके बाद पुलिस ने उसे सून अरेस्ट कर माटीगाड़ा लाया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रघुबीर प्रसाद साह (52) के रूप में हुई है। वह माटीगाड़ा इलाके का निवासी है। आरोपी को तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के दौरान उसके घर से 9 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया गया। इसके बाद दोबारा पूछताछ में पुलिस ने उसके पास से अतिरिक्त 20 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया। इस तरह कुल 29 ग्राम सोना जब्त किया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग समय पर सूट-बूट पहनकर सभ्य व्यक्ति का रूप धारण करता था और खाली घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है।





