सिलीगुड़ी, 6 नवंबर (नि.सं.)। मोटर व्हीकल विभाग के अधिकारियों द्वारा वाहन जांच और जुर्माना लगाने को लेकर सिलीगुड़ी के मेडिकल मोड़ पर तनाव फैल गया। आरोप है कि जुर्माना लगाए जाने के बाद पंजाब नंबर के एक ट्रक चालक ने सड़क जाम कर दिया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के काम में बाधा डाली। वहीं, चालक ने अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप भी लगाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
इस पूरे मामले को लेकर शुक्रवार को सिलीगुड़ी मोटर व्हीकल विभाग के अधिकारियों ने पत्रकार वार्ता कर अपनी सफाई पेश की। अधिकारियों के अनुसार, घटना वाले दिन रात करीब 9 बजे बागडोगरा एयरपोर्ट के सामने एक ट्रक को रोककर जांच की गई थी। ट्रक में एक मशीनरी का सामान ले जाया जा रहा था, जिसका आधा हिस्सा वाहन से बाहर निकला हुआ था। इससे किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका थी। इसी कारण नियमों के तहत ट्रक पर जुर्माना लगाया गया।
अधिकारियों का आरोप है कि जुर्माना लगाए जाने के बाद ट्रक चालक करीब पांच किलोमीटर आगे जाकर सड़क जाम कर दिया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के काम में बाधा उत्पन्न की। मोटर व्हीकल विभाग के अधिकारियों ने यह भी दावा किया कि संबंधित ट्रक चालक के खिलाफ कुल 43 मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में सिलीगुड़ी के आरटीओ मिल्टन चंद्र दास ने स्पष्ट कहा कि विभाग के अधिकारी सरकारी नियमों के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी काम में बाधा डालने या अधिकारियों को प्रताड़ित करने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





