सिलीगुड़ी, 6 नवंबर (नि.सं.)। चुनाव से पहले सिलीगुड़ी के राजनीतिक गलियारों में नए समीकरण बनने लगे हैं। सिलीगुड़ी नगर निगम की तृणमूल कांग्रेस की पूर्व मेयर परिषद सदस्य सिक्ता दे बसु राय ने शुक्रवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया है। सिलीगुड़ी के विधान भवन में दार्जिलिंग जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुबीन भौमिक की मौजूदगी में उन्होंने औपचारिक रूप से कांग्रेस का झंडा थामा है। उनके साथ तृणमूल कांग्रेस छोड़कर करीब 40 अन्य युवाओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर आयोजित पत्रकार वार्ता में सुबीन भौमिक ने बताया कि कांग्रेस में शामिल होने के लिए अब तक कई लोगों ने आवेदन किया है। इनमें से कई आवेदनों को मंजूरी भी मिल चुकी है। उन्होंने संकेत दिया कि काली पूजा के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और पूर्व मेयर परिषद सदस्यों के भी कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है।
वहीं, कांग्रेस में शामिल होने के अपने फैसले पर सिक्ता दे बसु राय ने कहा कि कांग्रेस जिस तरह सड़कों पर उतरकर आम लोगों के साथ खड़ी हो रही है, उसी का हिस्सा बनने के उद्देश्य से उन्होंने यह निर्णय लिया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि तृणमूल कांग्रेस के प्रति उन्हें कोई नाराजगी या शिकायत नहीं है।





