फूलबाड़ी, 1 सितंबर (नि.सं.)। फूलबाड़ी में एक दवा दुकान में दुस्साहसिक चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने दुकान से करीब साढ़े चार लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, फूलबाड़ी पूर्व धनतला के न्यू मार्केट के पास स्थित एक दवा दुकान में बदमाश टीन की छत काटकर और फॉल्स सीलिंग तोड़कर अंदर घुसे। आरोप है कि दुकान के अंदर रखे करीब चार से साढ़े चार लाख रुपये लेकर चोर फरार हो गए।
दुकानदार कोमल प्रसाद भगत ने बताया कि वह रोज की तरह सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब दुकान पहुंचे तो बाहर से शटर पूरी तरह सुरक्षित था। लेकिन दुकान के ऊपर लगी टीन की छत और सीलिंग कटी व टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो दुकान में रखे रुपये गायब थे। उनके अनुसार, डिस्ट्रीब्यूटर को भुगतान करने के लिए करीब चार से साढ़े चार लाख रुपये दुकान में रखे गए थे। आरोप है कि चोरी के दौरान बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी काट दिया।





