सिलीगुड़ी, 14 अक्टूबर (नि.सं.)। दुर्गापूजा के मौसम में खरीदारी के लिए घर से बाहर निकलना एक परिवार को भारी पड़ गया। सिलीगुड़ी नगर निगम के 4 नंबर वार्ड अंतर्गत लॉर्ड आदर्श नगर इलाके में चोरों ने एक खाली घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ली। इस विषय में गौतम सरकार की पत्नी सुष्मिता दास सरकार ने बताया कि मंगलवार शाम करीब चार बजे वह अपने बेटे के साथ दुर्गापूजा की खरीदारी करने के लिए घर से निकली थी। रात करीब 9 बजे बाजार से खरीदारी कर वापस लौटी।
लेकिन घर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा और अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा है। जब उन्होंने अलमारी और तिजोरी की जांच की तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिले।
अचानक हुई इस घटना से महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई। वहीं, गौतम सरकार ने बताया कि सेठ श्रीलाल मार्केट में उनकी एक छोटी-सी दुकान है। दुर्गापूजा के मौसम में दुकान के लिए सामान खरीदने के उद्देश्य से उन्होंने घर में रुपये रखे थे। लेकिन कुछ घंटों के लिए घर खाली रहने के दौरान चोरों ने नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। उन्होंने पुलिस से चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। खालपाड़ा चौकी की पुलिस चोरी में शामिल आरोपियों का पता लगाने और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि दुर्गापूजा के मद्देनजर सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने शहरवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने पूजा के दौरान घर को लंबे समय तक खाली छोड़ने से बचने की सलाह देने के साथ ही सोशल मीडिया पर घर से बाहर जाने या छुट्टियों पर निकलने से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक न करने की बात कही है।





