सिलीगुड़ी, 26 फरवरी (नि.सं)। विधानसभा चुनाव से पहले सिलीगुड़ी में अवैध हथियारों की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार आग्नेयास्त्र और जिंदा कारतूस मिलने से चुनाव पूर्व माहौल को लेकर आशंकाएं तेज हो गई है। ताजा मामले में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के अधीन प्रधान नगर थाना की सफेद पोशाक टीम ने नाका चेकिंग के दौरान 21 वर्षीय रोहित दास को गिरफ्तार किया है। आरोपी समर नगर का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, वह टोटो से मल्लागुड़ी की ओर जा रहा था, तभी सर्किट हाउस मोड़ पर चल रही जांच के दौरान उस पर संदेह हुआ। तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह हथियार की डिलीवरी देने जा रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है और रिमांड की मांग की है।
एक सप्ताह में दूसरी बार हथियार बरामद होने से यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या चुनाव से पहले शहर में किसी बड़ी साजिश की तैयारी तो नहीं चल रही। हथियारों का स्रोत क्या है, इन्हें किसे और किस उद्देश्य से पहुंचाया जाना था।
