खोरीबाड़ी में बैटरी स्कूटी कंपनी के नाम पर ठगी, 54 लोग शिकार

खोरीबाड़ी, 25 फरवरी (नि.सं)। इंडो-नेपाल सीमा से सटे दुधगेट इलाके में बैटरी चालित स्कूटी कंपनी के नाम पर 54 लोगों से ठगी का मामला सामने आया है। नौकरी और नई स्कूटी देने का लालच देकर लोगों को जाल में फंसाया गया। जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले दुधगेट क्षेत्र में एक निजी स्कूटी कंपनी की शाखा खोली गई थी। तीन महीने पहले स्कूटी बिक्री के लिए कर्मचारियों की भर्ती शुरू हुई। खोरीबाड़ी और नक्सलबाड़ी के 54 लोग इस झांसे में आ गए।आरोप है कि कंपनी ने जॉइन करते ही कर्मचारियों को इनाम के तौर पर स्कूटी दी और कुछ लोगों को शुरुआती महीनों में मोटी सैलरी भी दी गई। लेकिन बाद में पता चला कि कंपनी ने उनके नाम पर स्कूटी का लोन करा दिया। अब वेतन आने के बजाय हर महीने उनके खातों से ईएमआई कट रही थी।
मामला सामने आने के बाद पीड़ितों ने खोरीबाड़ी थाने के पानीटंकी चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दुधगेट शाखा के मैनेजर आर्यन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महाराष्ट्र का निवासी बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes