सिलीगुड़ी, 20 अगस्त (नि.सं.)। छोटे भाई की बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराने वाला बड़ा भाई ही आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। प्रधान नगर थाने की पुलिस ने बाइक चोरी की झूठी कहानी गढ़ने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में सुगम तिर्की को गिरफ्तार किया है। वह गुलमा का निवासी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 17 अगस्त की देर रात सुगम तिर्की अपने छोटे भाई सोनम तिर्की की बाइक लेकर कहीं गया था। इसके बाद 19 अगस्त को उसने प्रधान नगर थाने में बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों भाइयों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जंक्शन इलाके का सीसीटीवी फुटेज मिला। फुटेज खंगालने पर पुलिस के सामने पूरी सच्चाई आ गई।
सीसीटीवी में सुगम तिर्की अपने भाई की बाइक लेकर जंक्शन पहुंचता दिखाई दिया। इसके बाद वह बाइक को कहीं और ले जाकर छिपा देता है। फिर बाइक चोरी होने की झूठी कहानी बनाकर थाने में शिकायत दर्ज कराता है।
इसके बाद पुलिस ने सुगम तिर्की को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने बाइक छिपाने की बात स्वीकार कर ली। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने बुधवार रात गेट बाजार इलाके से बाइक बरामद कर ली।
प्रधान नगर थाना के आईसी बीडी सरकार ने बताया कि बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की बाइक चोरी होने की झूठी कहानी बनाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे मामले का खुलासा हुआ और सुगम तिर्की को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि अपनी किसी जरूरत को पूरा करने के लिए उसने बाइक चोरी की झूठी कहानी बनाई थी। हालांकि, उसे उम्मीद नहीं थी कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए मामले की सच्चाई तक पहुंच जाएगी।
आरोपी के खिलाफ बाइक चोरी और झूठी शिकायत देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला दर्ज कर उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। मामले की आगे जांच जारी है।
