सिलीगुड़ी, 20 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के स्टेट गेस्ट हाउस में राज्य के पर्यटन मंत्री तथा सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने कई महत्वपूर्ण बैठकें की है।
जानकारी के अनुसार, मंत्री ने तीन चरणों में विभिन्न सरकारी अधिकारियों, होटल व्यवसायियों, फायर सेफ्टी से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ-साथ शहर के विभिन्न स्कूलों के अधिकारियों और शिक्षकों के साथ बैठक की। बैठकों में नगर निगम की सेवाओं, होटलों की अग्नि सुरक्षा, स्कूली छात्रों के बाइक-स्कूटी इस्तेमाल और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पहली बैठक सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर और अधिकारियों के साथ हुई। बैठक में नगर निगम से जुड़े कई मुद्दे उठे और विभिन्न क्षेत्रों में अनियमितताओं की शिकायतों पर चर्चा हुई। फिलहाल नगर निगम के वार्डों में निर्वाचित पार्षद नहीं होने के कारण आम लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड स्तर पर लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के लिए मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आम लोगों की शिकायत दर्ज कराने के लिए एक विशेष व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया गया है।
इसके बाद होटल व्यवसायी संगठनों और फायर सेफ्टी से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें विभिन्न होटलों में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और संभावित कमियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सरकार और होटल व्यवसायियों के संयुक्त प्रयास से होटल कर्मचारियों के लिए विशेष फायर सेफ्टी प्रशिक्षण आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
तीसरे चरण में पर्यटन मंत्री ने शहर के विभिन्न स्कूलों के अधिकारियों और शिक्षकों के साथ बैठक की। इसमें मुख्य रूप से 18 वर्ष से कम उम्र के छात्रों के बाइक और स्कूटी से स्कूल आने-जाने के मुद्दे पर चर्चा हुई। स्कूल परिसर में 18 वर्ष से कम उम्र के छात्र बाइक या स्कूटी लेकर आते हैं तो स्कूल प्रबंधन को भी सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सिलीगुड़ी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और शहर की बदहाल स्थिति पर भी चर्चा हुई। मंत्री शंकर घोष ने जल्द ही इन समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया है।
