नक्सलबाड़ी, 20 अगस्त (नि.सं.)। रक्त की कमी दूर करने और पुलिस एवं आम लोगों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। नक्सलबाड़ी थाने की पहल और लायंस क्लब के सहयोग से थाना परिसर में यह शिविर आयोजित हुआ।
इस रक्तदान शिविर में पुलिसकर्मियों के अलावा स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने भी रक्तदान किया। रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए दार्जिलिंग जिला पुलिस के नक्सलबाड़ी एसडीपीओ सौमजीत राय ने उन्हें गुलाब के फूल और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत पौधे भेंट किए।कार्यक्रम में टुकुरियाझाड़ वन विभाग के रेंजर सूरज मुखिया समेत व्यवसायी समिति के सदस्य और समाजसेवी भी मौजूद रहे।
दार्जिलिंग जिला पुलिस के नक्सलबाड़ी एसडीपीओ सौमजीत राय ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ लोगों के करीब पहुंचने के उद्देश्य से समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर यह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। वर्तमान में विभिन्न ब्लड बैंकों में रक्त की कमी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से व्यवसायियों के साथ मिलकर रक्तदाताओं का एक डेटा बैंक तैयार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में दुर्लभ रक्त समूह वाले दाताओं से आसानी से संपर्क कर जरूरत के समय रक्त की व्यवस्था की जा सके।
