तारापीठ-न्यूटाउन अग्निकांड के बाद सिलीगुड़ी में सख्ती! होटल, रेस्तरां और शॉपिंग मॉल की फायर सेफ्टी जांच शुरू, मंत्री शंकर घोष ने किया निरीक्षण  

सिलीगुड़ी, 20 अगस्त (नि.सं.)। तारापीठ और न्यूटाउन की घटनाओं के बाद पूरे राज्य में होटल और रेस्तरां में सुरक्षा जांच अभियान शुरू किया गया है। दो अग्निकांड में 18 लोगों की मौत के बाद सिलीगुड़ी में भी होटल, रेस्तरां और शॉपिंग मॉल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए प्रशासन ने अभियान शुरू किया है।

गुरुवार को पर्यटन मंत्री तथा सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने दमकल अधिकारियों और सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर के साथ शहर के स्टेशन फीडर रोड स्थित कई होटल और रेस्तरां का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान फायर लाइसेंस, फायर एक्सटिंग्विशर, आपातकालीन निकास, सुरक्षा उपकरण और अग्नि सुरक्षा नियमों का उचित तरीके से पालन हो रहा है या नहीं, इसकी जांच की गई।

अभियान के बाद मंत्री शंकर घोष ने बताया कि अगले एक महीने तक शहर के विभिन्न होटल, रेस्तरां, लॉज, शॉपिंग मॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। जिन संस्थानों के कागजात या लाइसेंस में कोई कमी पाई जाएगी, उन्हें सुधार के लिए एक महीने का समय दिया जाएगा।

हालांकि, जिन संस्थानों के पास फायर लाइसेंस नहीं है या जहां गंभीर अनियमितताएं पाई जाती हैं, उन्हें लाइसेंस मिलने तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।

मंत्री ने आगे कहा कि इस अभियान का उद्देश्य कारोबारियों को परेशान करना नहीं है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भविष्य में किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकना है। इसके लिए सभी व्यावसायिक संस्थानों को अग्नि सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes