राजगंज, 20 अगस्त (नि.सं.)। उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम की जलपाईगुड़ी-दार्जिलिंग रूट की एक चलती बस पर पत्थर फेंके जाने का आरोप सामने आया है। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना राजगंज के तालमाहाट संलग्न इलाके की है।
जानकारी के अनुसार, बस करीब 32 यात्रियों को लेकर जलपाईगुड़ी से दार्जिलिंग जा रही थी। आरोप है कि राजगंज थाना क्षेत्र के तालमा से कुछ पहले एक पुल के पास अचानक किसी व्यक्ति ने बस के पीछे बड़ा पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से बस का पिछला शीशा पूरी तरह टूट गया। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
बस के कंडक्टर सुमन चंद ने बताया कि पत्थर के प्रहार से शीशा पूरी तरह टूट गया। टूटे हुए कांच के कुछ टुकड़े कुछ यात्रियों को लगे, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, बस को काफी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद बस को राजगंज थाने ले जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। चलती सरकारी बस पर पत्थर क्यों फेंका गया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। राजगंज थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चलती बस पर पत्थर किसने और किस वजह से फेंका है।
