राजगंज, 20 अगस्त (नि.सं.)। जंगल छोड़कर रिहायशी इलाके में गजराज पहुंच गया। गुरुवार सुबह-सुबह घटना को लेकर राजगंज ब्लॉक के फाटापुकुर संलग्न बुड़िमोड़ इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर जंगल से निकलकर एक हाथी राजगंज के सरकारपाड़ा होते हुए सारियाम, चिकुपाड़ा और बुड़िमोड़ इलाके में पहुंच गया। इसके बाद हाथी एक चाय बागान में जाकर शरण ले ली।
रिहायशी इलाके में हाथी के पहुंचने की खबर फैलते ही बेलाकोबा और आमबाड़ी रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। वहीं, राजगंज थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। हाथी को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि आज सुबह गांव के एक चाय बागान में हाथी घुस आया। हाथी के इलाके में पहुंचने से लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि, अभी तक हाथी के कारण किसी तरह के नुकसान या किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
मौके पर बैकुंठपुर डिवीजन के एडीएफओ राजीव लामा भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह एक वयस्क माकना हाथी है। वन विभाग की ओर से हाथी को इलाके से सुरक्षित निकालकर जंगल में वापस भेजने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल वनकर्मी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इलाके में लोगों की भीड़ के साथ-साथ एक सड़क भी है, इसलिए आम लोगों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। इसके बाद हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर ले जाने की कोशिश की जा रही है। अभी तक किसी तरह के नुकसान या चोट की घटना नहीं हुई है। स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए वनकर्मी पूरी तरह सतर्क हैं।
वन विभाग की ओर से इलाके में माइकिंग कर स्थानीय लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से हाथी के करीब नहीं जाने और बेवजह भीड़ नहीं लगाने की अपील की जा रही है। आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वनकर्मी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
