जानकारी के अनुसार, नेपाल में काम के दौरान हेमा की मुलाकात गंगारामपुर निवासी बिप्लब चौधरी से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध के बाद करीब दो साल पहले उन्होंने घर से भागकर शादी कर ली थी। शादी के बाद से दोनों नक्सलबाड़ी के रथखोला मोड़ स्थित किराये के मकान में रह रहे थे।
बताया गया है कि बिप्लब काम के सिलसिले में करीब एक सप्ताह से बाहर था। शुक्रवार को घर लौटने पर उसने पत्नी का सड़ा-गला शव देखा और पुलिस को सूचना दी। नक्सलबाड़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया। नक्सलबाड़ी अस्पताल में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया। मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लिया है।
सूचना मिलने पर नेपाल से हेमा के परिजन भी नक्सलबाड़ी पहुंचे। मृतका के पिता ने दामाद पर बेटी की मौत में संलिप्तता का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को मृतका का मोबाइल भी मिला है। प्राथमिक जांच में दोनों के बीच विवाद और झगड़े की जानकारी सामने आई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर नक्सलबाड़ी थाने पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





