खोरीबाड़ी, 7 जनवरी (नि.सं.)। दर्दनाक सड़क हादसे में चिकित्सक की मौत हो गई। यह घटना खोरीबाड़ी के बुरगंज दाराबाक्स में हुई है। बताया जा रहा है कि चिकित्सक नक्सलबाड़ी-घोषपुकुर स्टेट हाईवे पर मोटरसाइकिल चला रहे थे। तभी सामने से आ रही आलू से लदी लॉरी से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दार्जिलिंग सदर अस्पताल के चिकित्सक राजेश मल्लिक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक चिकित्सक शिवमंदिर के सालकाभीटा के रहने वाले थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चिकित्सक को बरामद कर नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलने के बाद खोरीबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में शामिल दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
