पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को डॉक्टर का घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था। बाद में पड़ोसी से सूचना मिलने पर घर के मालिक ने बागडोगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने रांगापानी के धुधुजोत इलाके से देवाशीष मजूमदार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद चोरी का सामान खरीदने के आरोप में नीलकमल घोष को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने नीलकमल के घर से चोरी का एसी और सोफा बरामद किया है। आरोप है कि उसने महज 3 हजार रुपये में चोरी का सामान खरीदा था।
वहीं, देवाशीष के घर से चोरी के अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है।





