राजगंज,13 अक्टूबर (नि.सं.)। महज 14 साल की उम्र में मिट्टी से मां दुर्गा की खूबसूरत प्रतिमा बनाकर बेलाकोबा के नौवीं कक्षा के छात्र अरित दत्तगुप्ता ने सबका ध्यान आकर्षित किया है।
राजगंज के शिकारपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत आदर्शपाड़ा निवासी अरित बेलाकोबा हाई स्कूल का छात्र है। उसके परिवार में कोई भी पेशेवर मूर्तिकार नहीं है, लेकिन बचपन के शौक को आगे बढ़ाते हुए उसने अपने हाथों से 2 फीट 7 इंच ऊंची दुर्गा प्रतिमा तैयार की है, जिसका नाम उसने ‘चांदेर दुर्गा’ रखा है।
बचपन में कुम्हारपाड़ा से मिट्टी लाकर छोटी-छोटी गुड़िया बनाने का शौक रखने वाले अरित ने वर्ष 2022 में महज 5 इंच की प्रतिमा बनाकर इस सफर की शुरुआत किया था। वर्ष 2025 में उसने 2 फीट 2 इंच ऊंची काली प्रतिमा भी बनाया था।
पढ़ाई के साथ-साथ अरित ने महज 15 दिनों में दुर्गा प्रतिमा तैयार किया है। इसे सजाने के लिए उसने सफेद, काले, लाल, पीले, नीले, हरे और भूरे समेत कुल 17 तरह के रंगों का इस्तेमाल किया।
अरित ने अब तक मां दुर्गा के अलावा सरस्वती, लक्ष्मी, गणेश, कार्तिक, भगवान शिव, डाकिनी-योगिनी, सियार, सांप और छिन्नमस्ता की प्रतिमाएं भी बनाया है। इतना ही नहीं, उसने सीमेंट से हनुमान की मूर्ति भी तैयार की है। कम उम्र में उसकी यह कलात्मक प्रतिभा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।





