जलपाईगुड़ी, 5 सितंबर (नि.सं.)। नंद उत्सव और काठाम पूजा के साथ जलपाईगुड़ी की ऐतिहासिक वैकुंठपुर राजबाड़ी में दुर्गापूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष राजबाड़ी की ऐतिहासिक दुर्गापूजा 517वें वर्ष में प्रवेश करेगी।
पारिवारिक परंपरा के अनुसार जन्माष्टमी के अगले दिन सुबह राजबाड़ी में नंद उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव का प्रमुख आकर्षण पारंपरिक कीचड़ खेल रहा। इसी कीचड़ की मिट्टी से दुर्गा प्रतिमा पर पहला लेप लगाया गया।
इसके साथ ही काठाम पूजा के जरिए प्रतिमा निर्माण का काम भी शुरू हो गया है। राजबाड़ी के नाटमंदिर में आज से पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दुर्गा प्रतिमा तैयार करने का काम शुरू हुआ है।
राजबाड़ी सूत्रों के अनुसार, महालया की सुबह दुर्गा प्रतिमा का चक्षुदान किया जाएगा। नंद उत्सव और काठाम पूजा के साथ ही इस प्राचीन दुर्गोत्सव को लेकर राजबाड़ी में अभी से उत्सव का माहौल बन गया है।





