खोरीबाड़ी, 5 सितंबर (नि.सं.)। खोरीबाड़ी के विभिन्न दुकानों और रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई की दुकानों से लेकर कई रेस्टोरेंट में जांच की गई।
खोरीबाड़ी की बीडीओ दीप्ति साहू और पुलिस की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यह अभियान चलाया। जांच के दौरान एक मिठाई की दुकान के फ्रिज में मरी हुई मक्खियां और खराब मिठाइयां मिली। वहीं, कुछ दुकानों में ब्रेड को अखबार से ढककर रखने का मामला भी सामने आया।
इसके बाद अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सामग्री को स्वच्छ तरीके से रखने का निर्देश दिया। संबंधित दुकानदारों को सुधार के लिए 7 दिनों का समय दिया गया है। बीडीओ ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।





