डब्ल्यूटीआई के ‘गज उत्सव’ अभियान के तहत 21 सितंबर 2026 को तीस्ता नदी से हाथी के बच्चे को सुरक्षित बचाने में भूमिका निभाने वाले 24 लोगों को ‘गजा मित्र पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में वन विभाग के कर्मचारी, स्थानीय मछुआरे और तीस्ता बैराज के गेटमैन शामिल रहे। संकट की स्थिति में समय पर हस्तक्षेप, साहस और बचाव अभियान में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डीएफओ मुदित कुमार, बंगाल सफारी के निदेशक ई. विजय कुमार और नेचर एंड वाइल्डलाइफ एसोसिएशन के सचिव अनुजीत बसु सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान बंगाल सफारी के निदेशक ने वन विभाग, स्थानीय समुदाय, फ्रंटलाइन कर्मियों और संरक्षण संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय को वन्यजीव संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में मानव-हाथी संघर्ष (HEC) को लेकर जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें हाथियों के व्यवहार को समझने, मानव-हाथी संघर्ष कम करने, स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने और मानव-हाथी सह-अस्तित्व को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।





