जानकारी के अनुसार, भोजन की तलाश में हाथियों का एक झुंड सेना छावनी परिसर में घुस आया और वहां मौजूद चावल के गोदाम में धावा बोल दिया।इसके बाद हाथियों ने गोदाम के अंदर रखे चावल खाना शुरू कर दिया।
गोदाम में हाथियों के घुसने की सूचना वन विभाग को दी गई। खबर मिलते ही कर्सियांग वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हाथियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। हूटर बजाने और पटाखे फोड़ने के बाद हाथियों को धीरे-धीरे गोदाम से बाहर निकालकर जंगल की ओर भेजा गया।
वन विभाग के अनुसार, फिलहाल बागडोगरा के जंगल इलाके में करीब 124 हाथी हैं। ऐसे में भोजन की तलाश में हाथियों के जंगल से निकलकर आबादी वाले या जंगल से सटे इलाकों में पहुंचने को लेकर विभाग सतर्क है।
वन विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। जंगल से सटे इलाकों में हाथियों की मौजूदगी को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
इधर, चावल के गोदाम में हाथियों के पहुंचने से लेकर वनकर्मियों द्वारा उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने तक की पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खीच रहा है।





