गाजोलडोबा, 3 सितंबर (नि.सं.)। सरस्वतीपुर में जंगल के बीच जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए अवैध चुलाई (देसी) शराब के ‘भंडार’ का आबकारी विभाग और पुलिस ने खुलासा किया है। आबकारी विभाग, पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के सरस्वतीपुर चाय बागान से सटे जंगल इलाके में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। इस दौरान 135 लीटर चुलाई शराब और 3,920 लीटर फर्मेंटेड वॉश बरामद किया गया। बरामद सामग्री की अनुमानित कुल कीमत करीब 8 लाख 51 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, चाय बागान और जंगल क्षेत्र का फायदा उठाकर कई स्थानों पर चोरी-छिपे चुलाई शराब तैयार कर उसे जमा किया जा रहा था। अभियान के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली। इसी क्रम में जमीन के नीचे और जंगल के अलग-अलग हिस्सों में छिपाकर रखी गई चुलाई शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला फर्मेंटेड वॉश बरामद किया गया। बरामद शराब और फर्मेंटेड वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
अभियान में जलपाईगुड़ी के सहायक मजिस्ट्रेट एवं सहायक कलेक्टर, भक्तिनगर रेंज के उप-आबकारी कलेक्टर के. सिंह बिद्धि, सहायक राजस्व कलेक्टर (आबकारी), भोरेर आलो थाने के ओसी सुदीप दत्त, गाजोलडोबा आउटपोस्ट के ओसी रासबिहारी साहा समेत जिला आबकारी विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उप-आबकारी कलेक्टर के. सिंह बिद्धि ने बताया कि जलपाईगुड़ी जिला आबकारी विभाग की सभी टीमों ने सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के भोरेर आलो थाने और गाजोलडोबा आउटपोस्ट की पुलिस के साथ मिलकर यह संयुक्त अभियान चलाया। अभियान में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल भी शामिल था। विभिन्न स्थानों पर तलाशी के दौरान 135 लीटर चुलाई शराब और 3,920 लीटर फर्मेंटेड वॉश बरामद किया गया। जिसे मौके में नष्ट कर दिया गया है।





