जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के करीब चार बजे से ही मछुआरे जाल लेकर महानंदा नदी में उतर गए थे। उनके जाल में तिलापिया, अमेरिकन रुई , पुटी समेत कई प्रजातियों की मछलियां मिल रही हैं। मछुआरे भीम सरकार ने बताया कि उन्हें महज दो घंटे में करीब 13 से 14 किलो मछलियां मिली है। उनके अनुसार, इस मौसम में हर साल नदी में अच्छी मात्रा में मछलियां मिलती हैं।
मछुआरों के मुताबिक, फिलहाल नदी में तिलापिया मछलियों की संख्या काफी बढ़ गई है। बाजार में टेंगरा मछली करीब 700 रुपये प्रति किलो, गुची मछली 500 रुपये प्रति किलो और अमेरिकन रुई व तिलापिया मछली थोक बाजार में लगभग 150 रुपये प्रति किलो बिक रही है। पकड़ी गई मछलियों को शिवमंदिर और मेडिकल मोड़ समेत आसपास के विभिन्न बाजारों में बेचा जा रहा है।
महानंदा बैराज के आसपास करीब 35 से 40 मछुआरे इस पेशे से जुड़े हैं। नदी में मछलियों की अच्छी उपलब्धता ने इन मछुआरों के चेहरों पर खुशी ला दी है।





