सिलीगुड़ी, 08 अगस्त (नि.सं.)। रोड सेफ्टी वीक-2026 के तहत सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को महिलाओं के लिए ‘पथ सुरक्षा कप-26’ फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया। यह टूर्नामेंट चांदमणि ट्राइबल स्पोर्टिंग क्लब फुटबॉल ग्राउंड में बालासन सब-ट्रैफिक गार्ड की ओर से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य खेल के माध्यम से आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, पैदल यात्रियों का सम्मान करने और सुरक्षित तरीके से सड़क पर चलने का संदेश दिया गया। ‘सुरक्षित सड़क, सुरक्षित राहगीर’ थीम पर आधारित इस आयोजन में लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में ट्रैफिक डीसीपी काजी शम्सुद्दीन अहमद, एडीसीपी पूर्णिमा शेरपा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और फुटबॉल को किक मारकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।
